भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और विधायक की गिरफ्तारी की मांग; सीबीआई जांच पर अड़ा विपक्ष
डोईवाला। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर शनिवार को डोईवाला नगर और ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परवादून कांग्रेस कार्यालय से नगर चौक तक विशाल कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए मामले में संलिप्त दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी और तीखे तेवर
कैंडल मार्च में विशेष रूप से शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा, “हमें न्याय प्रणाली पर पूरा भरोसा है, लेकिन जिस तरह से साक्ष्य मिटाने की कोशिशें हुई हैं और मामला संदिग्ध परिस्थितियों में उलझा है, उसे देखते हुए इसकी जांच उच्च स्तरीय सीबीआई (CBI) की निगरानी में होनी चाहिए।”
गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी कांग्रेस
प्रदर्शनकारियों ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम और भाजपा विधायक रेणु बिष्ट की इस मामले में भूमिका पर सवाल उठाते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सत्ताधारी दल अपने रसूखदार नेताओं और दोषियों को बचाने का प्रयास कर रहा है, जिसे कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
“इंसाफ मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष”
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि जब तक अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय नहीं मिल जाता और मुख्य दोषियों को सजा नहीं होती, तब तक प्रदेशव्यापी आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
