“सड़क से सदन तक लड़ेंगे लड़ाई”; दोषियों को बचाने का आरोप लगा महिला कांग्रेस ने सरकार को घेरा
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने एक बार फिर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश में बढ़ते आक्रोश के बीच, महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी के आवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार पर दोषियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
“बेटियों के प्रति गंभीर नहीं है सरकार”
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने तीखे प्रहार करते हुए कहा, “प्रदेश की बेटी के साथ हुए जघन्य अपराध को लेकर पूरे उत्तराखंड की जनता में गुस्सा है। एक तरफ भाजपा सरकार खुद को महिलाओं की हितैषी बताती है, वहीं दूसरी तरफ बेटियों के साथ हो रहे अत्याचारों पर चुप्पी साधे हुए है। सरकार की गंभीरता इसी बात से पता चलती है कि वह मुख्य दोषियों को बचाने में लगी है।”
भाजपा की महिला नेत्रियों की चुप्पी पर सवाल
ज्योति रौतेला ने भाजपा की महिला नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि प्रदेश का हर नागरिक अंकिता के लिए न्याय मांग रहा है, लेकिन सत्ताधारी दल की कोई भी महिला नेत्री इस गंभीर विषय पर बोलने को तैयार नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि विधानसभा अध्यक्ष के आवास का घेराव तो केवल शुरुआत है, आने वाले दिनों में भाजपा की सभी महिला नेत्रियों के आवासों का घेराव किया जाएगा।
“सड़क से सदन तक जारी रहेगा संघर्ष”
कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी चुप नहीं बैठेगी। ज्योति रौतेला ने कहा, “अगर अंकिता को जल्द न्याय नहीं मिलता, तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन करेगी। हम युवाओं और बेटियों के हक की लड़ाई को अंतिम सांस तक लड़ेंगे।”
इस प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने अंकिता के दोषियों को फांसी देने की मांग दोहराई।
