देहरादून | उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से आज राजधानी देहरादून में राजनीतिक मामलों की समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, आगामी रणनीति और विशेष रूप से अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भविष्य के कदमों पर विस्तृत चर्चा हुई।
VIP को बचा रही है भाजपा सरकार: कुमारी शैलजा
बैठक में मुख्य रूप से शिरकत करने पहुँचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार अंकिता भंडारी मामले में ‘कथित VIP’ को बचाने का प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
शैलजा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक इस मामले की जांच सिटिंग जज की देखरेख में सीबीआई को नहीं सौंपी जाती। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि जनहित के मुद्दों को पूरी ताकत से उठाया जाए।
नारी सम्मान के लिए कमर कस ली है: गणेश गोदियाल
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने हुंकार भरते हुए कहा कि कांग्रेस ने अंकिता को न्याय दिलाने के लिए कमर कस ली है। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक मामला नहीं बल्कि उत्तराखंड की बेटी के सम्मान की लड़ाई है। जब तक वह कथित VIP जेल की सलाखों के पीछे नहीं पहुँच जाता, कांग्रेस शांत नहीं बैठेगी।”
