देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर देवभूमि में उपजा आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारीलाल साहू के एक कथित बयान ने विवाद को और हवा दे दी है। इस बयान के विरोध में महिला कांग्रेस ने देहरादून में मंत्री आवास का जोरदार घेराव किया और जमकर नारेबाजी की।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने यमुना कॉलोनी स्थित मंत्री आवास की ओर कूच किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी, जिसे लेकर पुलिस और महिला कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई। इस दौरान आक्रोशित ज्योति रौतेला ने बैरिकेडिंग और कॉलोनी के गेट पर चढ़कर अंदर जाने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि मंत्री रेखा आर्या अपने पति के साथ प्रेस वार्ता करें और इस अपमानजनक टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि माफी नहीं मांगी गई, तो पूरे देश में गिरधारीलाल साहू के खिलाफ एफ.आई.आर दर्ज कराई जाएगी।
क्या था विवादित बयान?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक बयान में गिरधारीलाल साहू को यह कहते सुना गया कि “हम लड़की बिहार से मंगवा लेते, बिहार में महिलाएं 20 से 25 हजार रुपए में मिल जाती हैं।” अंकिता भंडारी मामले से पहले ही संवेदनशील माहौल में इस बयान ने आग में घी डालने का काम किया है।
