हल्द्वानी। शहर का पॉश इलाका जज फार्म शनिवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। रामपुर रोड स्थित जज फार्म क्षेत्र में भाजपा पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे शहर में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पार्षद को गिरफ्तार कर लिया है।
पार्षद के घर के बाहर चली गोली, मौके पर मौत
मृतक की पहचान जज फार्म निवासी नितिन लोहनी के रूप में हुई है। चश्मदीदों के अनुसार, वारदात पार्षद अमित बिष्ट के घर के ठीक बाहर हुई। विवाद के दौरान अचानक पार्षद ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और नितिन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही नितिन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी पार्षद हिरासत में, रिवॉल्वर बरामद
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू को हिरासत में ले लिया है और हत्या में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस फिलहाल विवाद के मुख्य कारण और घटना की पृष्ठभूमि की गहनता से जांच कर रही है।
पुराने विवादों से रहा है नाता
गौरतलब है कि आरोपी पार्षद अमित बिष्ट का नाम पहले भी कई विवादों में उछल चुका है। एक पूर्व के मामले में भाजपा विधायक बंशीधर भगत को पार्षद के पक्ष में कोतवाली के बाहर धरने पर बैठना पड़ा था, जिसके बाद यह नाम प्रदेश भर की सुर्खियों में आया था।
विधायक सुमित हृदयेश पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। विधायक ने पुलिस प्रशासन से स्पष्ट शब्दों में कहा कि सत्ता के दबाव में आए बिना मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
भारी पुलिस बल तैनात
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए जज फार्म और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा रोष व्याप्त है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती पूछताछ के आधार पर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
