ऊधमसिंह नगर : काशीपुर निवासी एक किसान द्वारा हल्द्वानी में आत्महत्या किए जाने के मामले को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत को पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घटना से जुड़े हर तथ्य और परिस्थिति की बारीकी से पड़ताल की जाए। सीएम धामी ने चेतावनी दी है कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर किसी अधिकारी या व्यक्ति की लापरवाही या दोष सिद्ध होता है, तो उसके विरुद्ध कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव श्री आनंद बर्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ को तलब कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि मामले के हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
दिवंगत किसान के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकार इस अत्यंत कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है।” उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि:
-
पीड़ित परिवार को तत्काल हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
-
उन्हें न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक विधिक कदम उठाए जाएं।
