न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की और गिरावट, मौसम विभाग ने दी चेतावनी
उत्तराखंड में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है, लेकिन अब ठंड की असली मार शुरू होने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 4 दिसंबर से राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम करवट लेगा। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग के निदेशक चंद्र सिंह तोमर ने बताया, “अगले 4-5 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे पूरे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ेगी। अभी दोपहर में धूप खिल रही है, लेकिन सुबह-शाम कनकनी तेज हो गई है।”
उन्होंने आगे कहा कि इस बार शीतकाल में कुल बारिश औसत से कम रहने की संभावना है। मौसम ज्यादातर शुष्क रहेगा, जिससे कोहरे और पाला पड़ने की आशंका भी बढ़ जाएगी।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से सलाह दी है कि खासकर बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सावधानी बरतें। सुबह-शाम गर्म कपड़े जरूर पहनें और बाहर निकलते समय मास्क का भी इस्तेमाल करें।
