हरिद्वार। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर बड़ी हलचल देखने को मिली है। मामले में कथित ‘वीआईपी’ नामों और वायरल ऑडियो क्लिप को लेकर चर्चा में रहीं अभिनेत्री उर्मिला सनावर हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित न्यायालय पहुंचीं। उन्होंने जांच में सहयोग करते हुए अपना मुख्य मोबाइल फोन विधिवत रूप से कोर्ट के सुपुर्द कर दिया है।
उर्मिला सनावर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह मोबाइल फोन इस केस का सबसे अहम साक्ष्य है। उन्होंने कहा:
“इसी डिवाइस में वे तमाम जानकारियां और रिकॉर्डिग्स हैं जो जांच एजेंसियों के लिए बेहद जरूरी हैं। कोर्ट के आदेशानुसार अब इस फोन को सील कर फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। इसके साथ ही मेरी वॉइस सैंपलिंग की प्रक्रिया भी सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है।”
अभिनेत्री ने दावा किया कि उनकी ओर से उठाई गई आवाज के कारण ही यह मामला दोबारा खुला है और अब इसकी जांच सीबीआई के हाथों में है। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य अंकिता को न्याय दिलाना है। उन्हें पूरा विश्वास है कि सीबीआई की निष्पक्ष जांच में उन ‘वीआईपी’ चेहरों का पर्दाफाश होगा, जिनके नाम अब तक गुप्त रहे हैं।
उर्मिला ने उत्तराखंड की जनता से धैर्य बनाए रखने की अपील की और कहा कि उन्हें देश की न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने भावुक होते हुए साझा किया कि इस लड़ाई को लड़ने के लिए उन्होंने अपने निजी जीवन में कई बड़े त्याग किए हैं, लेकिन वे पीछे नहीं हटेंगी।
